डेस्क। जनता दल यूनाइटेड के पूर्व नेता अजय आलोक BJP में शामिल हुए हैं। जेडीयू के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक शुक्रवार (28 अप्रैल) को दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं।
जेडीयू ने पार्टी से किया था बाहर
आरसीपी सिंह के करीबी डॉ. अजय आलोक ने दिल्ली में बीजेपी हेड क्वार्टर में सदस्यता भी ग्रहण की थी। डॉ. आलोक BSP से चुनाव लड़ चुके हैं और अजय आलोक पर जेडीयू ने आरसीपी सिंह के पक्ष में काम करने का आरोप लगा कर पार्टी से भी निकाल दिया था।
जून 2022 में जेडीयू ने पार्टी से बाहर जाकर बयानबाजी करने पर अजय को बाहर का रास्ता दिखा दिया था। वह लगातार सार्वजनिक मंच पर भाजपा के पक्ष में बोलते हुए नजर भी आ रहे थे।
अजय आलोक पहले भी जदयू में रहते हुए प्रवक्ता पद से हटाए जा चुके थे। आरसीपी सिंह को जेडीयू से निकालने के बाद उन्होंने उनके समर्थन में बयान भी जारी किया था। जिसके कारण अजय आलोक को जेडीयू से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
जून 2022 में जेडीयू ने अजय आलोक समेत चार नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया था और उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधि के चलते बर्खास्त किया था। उस दौरान आरसीपी सिंह की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जेडीयू नेतृत्व के साथ तनातनी चल रही थी और अजय आलोक उनके समर्थन में बयानबाजी भी कर रहे थे।
अजय आलोक जेडीयू के प्रवक्ता थे और जेडीयू से निकालने से पहले पार्टी ने उनके सार्वजनिक बयानबाजी करने पर रोक भी लगा दी थी।