डेस्क। Ukraine Minister Visit India: यूक्रेन के विदेश मामलों की पहली उपमंत्री अमिन झापरोवा 9 अप्रैल रविवार को भारत की आधिकारिक यात्रा पर आ रही हैं। उनकी चार दिवसीय भारत यात्रा 12 अप्रैल को खत्म होगी। रूस के साथ युद्ध के बीच यूक्रेन की मंत्री का यह पहली भारत यात्रा है। वहीं इस भारत यात्रा के दौरान अमीन झापरोवा विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) संजय वर्मा के साथ बातचीत भी करेंगी। इस आधिकारिक चर्चा के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों, यूक्रेन की मौजूदा हालत और आपसी हित से जुड़े वैश्विक मुद्दों पर बातचीत भी की जा सकती है।
रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद पूर्वी यूरोपीय देश की पहली यात्रा
यूक्रेन पर पिछले साल रूस के सैनिकों का हमला शुरू होने के बाद से पूर्वी यूरोपीय देश की पहली विदेश उप मंत्री झापरोवा पहली आधिकारिक यात्रा पर बाहर निकली हैं। भारत में वह विदेश और संस्कृति राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी से भी मुलाकात कर सकती हैं। इसके अलावा उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार विक्रम मिस्री से भी उनकी मुलाकात करी है।
भारत और यूक्रेन के बीच 30 साल से मधुर बने राजनयिक संबंध
विदेश मंत्रालय के अनुसार भारत यूक्रेन के साथ मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंध और बहुआयामी सहयोग भी साझा करता है। आपसी राजनयिक संबंध के पिछले 30 वर्षों में द्विपक्षीय सहयोग से व्यापार, शिक्षा, संस्कृति और रक्षा के क्षेत्रों में दोनों देशों ने महत्वपूर्ण प्रगति भी की है। यूक्रेन की उप मंत्री की यह भारत यात्रा दोनों देशों के बीच आपसी समझ और हितों को और आगे बढ़ाने का एक बड़ा मौका साबित होगा।
रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर भारत ने कई बार और कई अंतरराष्ट्रीय मंचों के माध्यम से सार्वजनिक तौर पर बोला है कि कूटनीति और बातचीत ही संघर्ष के मुद्दे को खत्म कर शांति को वापस स्थापित करने का एकमात्र तरीका है।