उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने 2017 से पहले की भर्ती प्रक्रिया, रोजगार, कानून-व्यवस्था और प्रदेश की अर्थव्यवस्था का जिक्र करते हुए अपनी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज युवा पिछली सरकारों से सवाल पूछ रहे हैं कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने क्या किया और अब युवाओं के लिए क्या करने का वादा कर रहे हैं। योगी ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी नहीं थी और कई मामलों में सिफारिश तथा लेन-देन का बोलबाला था।

2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी का लगाया आरोप

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी नहीं थी। उन्होंने कहा कि नौकरी का विज्ञापन निकलते ही कथित तौर पर वसूली की प्रक्रिया शुरू हो जाती थी और परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों की जगह दूसरे लोग नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल हो जाते थे।

उन्होंने वर्ष 2015-16 के यूपीपीएससी परिणाम का जिक्र करते हुए दावा किया कि हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और स्नातक में थर्ड डिवीजन प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी को लोक सेवा आयोग की परीक्षा में टॉपर बनाया गया था। योगी ने कहा कि उस समय मेहनत करने वाले युवाओं को उचित अवसर नहीं मिलते थे।

मेरिट के आधार पर नियुक्ति मिलने का दावा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान सरकार में युवाओं को बिना सिफारिश और लेन-देन के मेरिट के आधार पर नौकरी मिल रही है। उन्होंने लखीमपुर खीरी के चंदन चौकी क्षेत्र के थारू जनजाति के युवा सहित रायबरेली, जौनपुर, शाहजहांपुर, गोरखपुर और लखनऊ के अभ्यर्थियों का उदाहरण दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र युवाओं के परिश्रम का सम्मान है और मेरिट का अपमान करना महापाप है।

तीन गुना हुई यूपी की अर्थव्यवस्था, बजट में भी वृद्धि का दावा

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को लेकर कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12.50 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है। उन्होंने दावा किया कि प्रति व्यक्ति आय तीन गुना हुई है और प्रदेश का वार्षिक बजट तीन लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 9.70 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पहले देश के पिछड़े राज्यों में गिना जाता था, लेकिन अब प्रदेश शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने अगले चार वर्षों में उत्तर प्रदेश को देश की नंबर-एक अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य भी बताया।

मोबाइल निर्माण, एआई और तकनीकी शिक्षा का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के करीब 55 प्रतिशत मोबाइल फोन उत्तर प्रदेश में निर्मित हो रहे हैं। उन्होंने तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एआई, ड्रोन, रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग और स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे पाठ्यक्रम शुरू किए जाने का भी उल्लेख किया।

लखनऊ के एचसीएल कैंपस का जिक्र करते हुए योगी ने दावा किया कि वहां कर्मचारियों की संख्या 100 से बढ़कर 18 हजार हो गई है, जिनमें 60 प्रतिशत महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति बेहतर हुई है और बेटियां अब देर रात भी सुरक्षित घर लौट सकती हैं।

कट्टा-बम की जगह राइफल और मिसाइल निर्माण का दावा

योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में औद्योगिक और रक्षा उत्पादन का जिक्र करते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में कट्टा-बम बनाने की चर्चा होती थी, जबकि अब यहां कलाश्निकोव एके-203 राइफल और लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। उन्होंने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि कानून तोड़ने और अपराध करने वालों को सरकार बख्शेगी नहीं।

राम मंदिर को लेकर सपा पर निशाना

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर राम मंदिर का विरोध करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "अरे... भगवान से डरो, पाखंड से नहीं। नोएडा का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान नोएडा को लेकर कई तरह की धारणाएं थीं और कुछ नेता वहां जाने से बचते थे। उन्होंने कहा कि वह भगवा कपड़े पहनते हैं, लेकिन नोएडा जाने से उन्हें कोई परहेज नहीं है।

अगले सप्ताह 52 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र देने का ऐलान

मुख्यमंत्री ने अगले सप्ताह 52 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित करने की घोषणा की। उनके मुताबिक, इसमें करीब आठ हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और दो हजार शिक्षक शामिल होंगे। उन्होंने समाजवादी पार्टी के 30 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने के वादे पर सवाल उठाते हुए कहा कि सपा को यह भी बताना चाहिए कि सत्ता में रहते हुए उसने युवाओं के लिए क्या किया।

युवाओं से पूछा- भर्ती में पैसे मांगे गए?

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवचयनित अभ्यर्थियों से भर्ती प्रक्रिया को लेकर सवाल किए। उन्होंने पूछा कि क्या चयन के दौरान किसी ने पैसे मांगे, धमकाने का प्रयास किया या प्रक्रिया में कोई गड़बड़ी महसूस हुई। मुख्यमंत्री के अनुसार, अभ्यर्थियों ने इन सवालों का जवाब 'नहीं' में दिया।

योगी ने दावा किया कि उनकी सरकार अब तक करीब पौने दस लाख सरकारी नौकरियां दे चुकी है और आगे भी भर्ती प्रक्रिया जारी रहेगी। उन्होंने सपा और बसपा के शासनकाल में हुई भर्तियों की संख्या को लेकर भी सवाल उठाए।

यूपी भर्ती फर्जीवाड़े पर 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' फिल्म का जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने 2017 से पहले की भर्ती प्रक्रियाओं पर सवाल उठाते हुए फिल्म 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस दौर में भर्ती प्रक्रिया की स्थिति कुछ ऐसी थी, जहां मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को उचित अवसर नहीं मिल पाता था।

मुख्यमंत्री ने लखनऊ में कथित 'मुन्ना भाई गैंग' से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि पुरानी भर्ती व्यवस्था में अनियमितताओं के कारण योग्य युवाओं को नुकसान उठाना पड़ता था।