उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के बयानों के बीच उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काम की तारीफ करते हुए कहा कि प्रदेश में विकास के लिए उन्होंने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। पाठक ने दावा किया कि बीजेपी एकजुट है और आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
मुख्यमंत्री चेहरे पर क्या बोले ब्रजेश पाठक?
एबीपी न्यूज़ शिखर सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कहा था कि बीजेपी का मुख्यमंत्री चेहरा 'कमल का फूल' होगा और चुनाव के बाद विधायक दल मुख्यमंत्री का चयन करेगा।
इसी बयान के संदर्भ में ब्रजेश पाठक से मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सवाल पूछा गया। उन्होंने कहा कि बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशों के अनुसार काम करती है। उन्होंने योगी आदित्यनाथ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास के लिए अच्छा काम किया है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि बीजेपी पूरी तरह एकजुट है और पार्टी का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को देश का नंबर एक राज्य बनाना है।
सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर क्या बोले?
जब ब्रजेश पाठक से पूछा गया कि बीजेपी को आगामी चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन से चुनौती मिलेगी या दोनों दल अलग-अलग चुनाव लड़ने से, तो उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के बीच क्या हो रहा है, इससे बीजेपी का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने अपने आकलन में कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की स्थिति आगामी चुनाव में अच्छी नहीं होगी।
NDA में सीट बंटवारे की चर्चा पर भी दी प्रतिक्रिया
NDA में सीट शेयरिंग को लेकर चल रही चर्चाओं पर ब्रजेश पाठक ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बीजेपी ने यह स्वीकार किया है कि सहयोगी दल सीटों की मांग कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने इस मुद्दे पर विस्तार से कुछ नहीं कहा। उन्होंने बीजेपी की राजनीति को लेकर कहा कि पार्टी तुष्टीकरण की राजनीति नहीं करती और 'सबका साथ, सबका विकास' के सिद्धांत पर काम करती है।
विधान परिषद चुनाव में जीत का दावा
विधान परिषद चुनाव को लेकर ब्रजेश पाठक ने दावा किया कि बीजेपी को 50 प्रतिशत से अधिक वोट मिलते हैं और पार्टी चुनाव में जीत हासिल करेगी। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, "काठ की हांड़ी बार-बार नहीं चढ़ती है। अंधे के साथ बटेर एक बार लग गई, बार-बार नहीं लगेगी।"
SIR पर क्या कहा?
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर ब्रजेश पाठक ने कहा कि पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करना निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है। मतदाता सूची में सभी वैध मतदाताओं के नाम होने चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल के तौर पर बीजेपी की जिम्मेदारी है कि लोगों को अपना वोट बनवाने के लिए जागरूक किया जाए।




