उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी तस्वीर दिलचस्प होती दिखाई दे रही है। SCORE के उत्तर प्रदेश ओपिनियन पोल Round 1 में बीजेपी नेतृत्व वाले NDA और समाजवादी पार्टी-कांग्रेस के INDIA गठबंधन के बीच कड़ी टक्कर का अनुमान लगाया गया है। सर्वे के मुताबिक, अगर आज विधानसभा चुनाव होते हैं तो किसी भी गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलने की स्थिति नहीं दिख रही है।
सर्वे में NDA को 181 से 226 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के संभावित संयुक्त आंकड़े के आधार पर INDIA गठबंधन को 174 से 219 सीटें मिल सकती हैं। हालांकि, दोनों गठबंधनों के अनुमानित सीटों के दायरे एक-दूसरे से काफी हद तक ओवरलैप कर रहे हैं।
BJP और सपा कितनी सीटें जीत सकती हैं?
SCORE के सर्वे के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी अकेले 177 से 215 सीटें जीत सकती है। वहीं समाजवादी पार्टी को 160 से 202 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।
यह आकलन वोट शेयर के बजाय विधानसभा सीटों के अलग-अलग अनुमान पर आधारित बताया गया है। सर्वे में उन सीटों को भी शामिल किया गया है, जहां मुकाबला बेहद करीबी है और फिलहाल किसी एक पार्टी की जीत का स्पष्ट अनुमान लगाना मुश्किल है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं और बहुमत के लिए 202 सीटों की जरूरत होती है। सर्वे के अनुमान में समाजवादी पार्टी के लिए 202 सीटों तक पहुंचने की संभावना भी जताई गई है।
बीजेपी और सपा का वोट शेयर करीब 37 प्रतिशत
SCORE के सर्वे में बीजेपी और समाजवादी पार्टी दोनों का वोट शेयर लगभग 37 प्रतिशत बताया गया है। गठबंधन के स्तर पर NDA को INDIA गठबंधन से करीब 2.35 प्रतिशत की बढ़त मिलने का अनुमान सामने आया है।
हालांकि, सीटों के अनुमान में दोनों गठबंधनों के बीच अंतर बहुत ज्यादा नहीं दिखाई दे रहा है। ऐसे में चुनाव से पहले राजनीतिक समीकरण, गठबंधन और उम्मीदवारों का चयन नतीजों को प्रभावित कर सकता है।
42 सीटों पर बेहद करीबी मुकाबला
सर्वे में उत्तर प्रदेश की 42 विधानसभा सीटों पर मुकाबला बेहद करीबी बताया गया है। इन सीटों को फिलहाल टाई माना गया है, क्योंकि यहां किसी एक पार्टी की जीत का स्पष्ट अनुमान लगाना मुश्किल है।
इन 42 सीटों का चुनावी परिणाम यूपी की राजनीतिक तस्वीर बदल सकता है। यदि इन सीटों पर किसी गठबंधन को बढ़त मिलती है, तो सरकार बनाने के समीकरण भी प्रभावित हो सकते हैं।
91 हजार से अधिक मतदाताओं के बीच हुआ सर्वे
SCORE के अनुसार, यह सर्वे 16 सितंबर से 20 नवंबर 2026 के बीच उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर कराया गया। सर्वे में कुल 91,429 मतदाताओं की राय शामिल की गई।
सर्वे में मतदाताओं से यह पूछा गया कि वे किस पार्टी को वोट देंगे, न कि किस गठबंधन को। इसकी वजह समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों का बंटवारा अभी तय नहीं होना बताया गया है। इसी आधार पर दोनों पार्टियों के संभावित सीटों के अनुमान को जोड़कर INDIA गठबंधन का आंकड़ा तैयार किया गया।




