डेस्क। सपा अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मेट्रो से सफर और रिवर फ्रंट पर सैर करके आम जनता को सपा सरकार के समय की उपलब्धियां भी बताएंगे। वहीं इसके माध्यम से वह निकाय चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के लिए वोट देने की अपील भी करेंगे।
इस बारे में प्रदेश सपा मुख्यालय पर हुई बैठक में अखिलेश ने अपनी रणनीति के बारे में चर्चा की है।
उन्होने भाजपा सरकार पर असली मुद्दों पर चर्चा न करने का आरोप भी लगाया। इसके साथ ही शासन-प्रशासन पर सरकार के इशारे पर काम करने की बात बोली, निकाय चुनाव के मद्देनजर अखिलेश यादव 1 या 2 मई को लखनऊ मेट्रो में सफर और रिवर फ्रंट की सैर करने वाले हैं। अखिलेश ने लखनऊ नगर निगम के 110 वार्ड के प्रभारियों संग बैठक भी की।
उन्होंने आगे यह भी कहा कि लखनऊ में सपा सरकार में बनी मेट्रो के बाद इसका कोई विस्तार नहीं किया गया और निकाय चुनाव में शासन-प्रशासन भाजपा सरकार के इशारे पर काम कर रहा है। वहीं खुद मुख्यमंत्री भी नगर निकाय चुनावों में बुनियादी मुद्दों पर चर्चा नहीं कर रहे और नगरीय विकास के बारे में आखिर भाजपा चर्चा क्यों नहीं करती है।