डेस्क। Himachal Pradesh Budget: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को (17 मार्च, 2023) अपनी सरकार का पहला बजट पेश किया है। वहीं साल 2023-24 के लिए मुख्यमंत्री ने 53613 करोड़ रुपए का बजट भी पेश किया है।
2 घंटे 17 मिनट लंबे भाषण में मुख्यमंत्री ने हिमाचल को ग्रीन स्टेट बनाने का ऐलान करते हुए घोषणाओं की झड़ी भी दिखा दी है। इस बजट में जो सबसे खास बात रही है वो यह है कि सरकार ने शराब की हर बोतल पर 10 रुपये का गाय उपकर (Cow Cess) लगाने का ऐलान किया है।
1,500 डीजल बसों को भी बदला जाएगा
बजट पेश करते हुए सुक्खू ने कहा है कि 1,000 करोड़ रुपये की लागत से 1,500 डीजल बसों को बदला जाएगा। साथ ही इस तरह हिमाचल प्रदेश अपनी सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने के लिए एक आदर्श राज्य बनेगा। इसके अलावा उन्होंने राज्य सरकार के स्कूलों में पढ़ने वाली 20,000 लड़कियों को इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदने पर 25,000 रुपये की सब्सिडी देने की घोषणा भी की है। सरकार सभी सरकारी स्कूलों को 40,000 डेस्क भी प्रदान करने वाली है।
जल शक्ति विभाग में 5000 होंगी नई भर्तियां
मुख्यमंत्री ने जल शक्ति विभाग में कुल 5000 नई भर्ती और एक मुख्यमंत्री लघु दुकानदार योजना की घोषणा भी की है। जिसके तहत 50,000 रुपये के ऋण पर 1 प्रतिशत ब्याज लिया जाएगा साथ ही उन्होंने शिमला के पास जाठिया देवी में नया शहर बसाने का ऐलान करते हुए बजट में इसकी डीपीआर बनाने के लिए 1373 करोड रुपए का ऐलान किया है। हिमाचल में 75 साल से कोई नया शहर भी नहीं बसा है।
मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल खोलने की घोषणा भी की है। इनमें प्री प्राइमरी से लेकर 12वीं तक शिक्षा सुविधा के साथ इंडोर व आउटडोर सुविधा रहने वाली है। स्विमिंग पुल भी बनाए जाएंगे और इस पर 300 करोड़ का खर्च किया जाएगा।