डेस्क। दिल्ली में एक बार फिर बाढ़ का खतरा बढ़ चुका है। यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ ही जा रहा है। दिल्ली में सुबह 7 बजे लोहा पुल के पास यमुना का जलस्तर 206.56 मीटर तक पहुंच गया और इससे पहले रविवार रात 10 बजे इसका स्तर 206.44 मीटर था ।
यमुना नदी के जलस्तर का खतरे का निशान 205.33 मीटर से ज्यादा है और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए संबंधित विभाग हाई अलर्ट पर रखे गए हैं। दिल्ली-एनसीआर के आसपास के इलाकों में बारिश से हिंडन समेत दूसरी नदियां भी उफान पर चल रही हैं। ऐसे में दिल्ली के अलावा, नोएडा व गाजियाबाद की स्थिति भी बहुत गंभीर है।
हरियाणा में हथिनी कुंड से 5.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद जलस्तर बढ़ गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एलजी वीके सक्सेना से बात की। शाह ने बोला कि जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए NDRF और SDRF की टीमें मौजूद हैं। उन्होंने सभी एजेंसियों को अलर्ट रहने के निर्देश भी दिए। दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने यह बताया कि एक बार फिर से यमुना का जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया है।
जानकारी के अनुसार कुल 60 टीमें इसके लिए लगाई गई हैं। सौरभ भारद्वाज ने साफ कहा है कि पिछली बार यमुना का जलस्तर 208 मीटर के पार जाने के बाद वजीराबाद, ओखला, और चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद कर दिए गए थे तो इस बार पूरी तैयारी की गई है। इस बार प्लांट बंद नहीं किए जाएंगे।