UP News: उत्तर प्रदेश में बूथ प्रबंधन से हाल ही में विधानसभा चुनाव जीतने वाली भाजपा ने अब मिशन 2024 की तैयारी की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं। जहाँ विपक्षी दलों की तैयारी जमीन पर नजर नहीं आ रही है, तो वहीं भाजपा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा पखवाड़ा के सहारे बूथ स्तर तक संगठन को फिर से सक्रिय करने के लिए भी तैयार नज़र आ रहे है।
भाजपा के लिए यह कहा जाता है कि वह हर समय ‘चुनावी मोड’ में ही रहती है। विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद दूसरे दल जहाँ अभी तक सदमे से उबरते नजर नहीं आ रहे। एक ओर सपा में सिर्फ राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव दौरे कर रहे हैं तो बसपा प्रमुख मायावती अपने पुराने अंदाज में सिर्फ संगठन में प्रयोग करती ही नज़र आती हैं। कांग्रेस की हालत यह है कि प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा का उनके कार्यकर्ता बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
वहीं भाजपा ने निकाय चुनाव के लिए मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारी भी कर ली है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से गांधी जयंती यानी दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा आयोजित करने की रूपरेखा भी बनाई गई है। इसमें लगभग एक दर्जन गतिविधियां हैं, जिनमें बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को लगाया जाएगा।
बूथ क्षेत्र के लाभार्थियों को कार्यक्रमों में शामिल करने के साथ ही टीकाकरण और स्वास्थ्य परीक्षण जैसे सेवा कार्यों से अधिक से अधिक लोगों को भाजपा से जोड़ने का काम होगा। इस पूरी योजना के द्वारा ही भाजपा अपने संगठन को क्रियाशील रखने के साथ ही निचले स्तर तक जनता से सीधा जुड़ाव बनाए रखने के प्रयास में है।
साथ ही प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह लगातार क्षेत्रीय बैठकें कर रहे हैं।