देश– राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी भारत जोड़ो यात्रा आज उत्तरप्रदेश में प्रवेश करने जा रही है। उत्तरप्रदेश में यह यात्रा गाजियाबाद से दाखिल होगी। बताया जा रहा है कि यूपी में दो दिन की यात्रा में राहुल गांधी तीन लोकसभा व छह विधानसभा को साधेंगे।
राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने हेतु कांग्रेस के कई पदाधिकारियों समेत, विपक्ष के नेताओं को निमंत्रण दिया गया है। विशेषज्ञ का कहना है कि भारत जोड़ो यात्रा विपक्ष एकता का साक्ष्य बनेगी और इससे कहीं न कहीं कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूती हासिल होगी।
उम्मीद जताई जा रही है कि उत्तरप्रदेश में सुस्त पड़ी कांग्रेस की स्थिति में जान डालने की कोशिश भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से की जाएगी। वहीं दावा यह भी किया जा रहा है कि ज्यादा से ज्यादा लोग भारत जोड़ो यात्रा का हिस्सा बनने के लिये प्रयासरत हैं।
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 30 जनवरी को जम्मू कश्मीर में समाप्त हो रही है। बताया गया है कि जम्मू कश्मीर में राहुल गांधी तिरंगा फहराने के बाद भारत जोड़ो यात्रा को विराम देंगे। यात्रा का उद्देश्य लोगों को एकजुट करना और शान्ति स्थापित करना है।
कांग्रेस की ओर से यह दावा किया गया है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए सन्तो को निमंत्रण दिया गया है और ज्यादा से ज्यादा संख्या में संत शामिल होने जा रहे हैं। कांग्रेस ने यूपी के लिए भारत जोड़ो यात्रा गीत जारी किया है। गीत में नफरत से दूर रहने और संविधान की रक्षा का आह्वान किया गया है। नववर्ष को लेकर उम्मीदें भी जगाई गई हैं।