डेस्क। छत्तीसगढ़ कांग्रेस विधायक सत्यनारायण शर्मा के एक बयान पर काफी विवाद खड़ा हो गया है। इसमें सत्य नारायण शर्मा ने एक प्रेस कांफ्रेस को संबोधित करते हुए कहा है कि महात्मा गांधी उस ज़माने में राष्ट्रपिता थे, राहुल गांधी राष्ट्रपुत्र हैं और इंदिरा गांधी हमारी राष्ट्र माता हैं।
सोशल मीडिया पर उनका यह बयान तेजी से वायरल हो रहा है। जहां एक तरह विरोधी उनके इस बयान पर सवाल उठा रहे हैं तो सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं।
कांग्रेस नेता के बयान पर जारी विवाद
कांग्रेस विधायक सत्यनारायण वर्मा ने कहा था कि राहुल गांधी देश का काम कर रहे हैं और लोगों की आवाज भी उठा रहे हैं। जैसे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को जनता ने कहा उसी तरह आज के दौर में राहुल गांधी राष्ट्र पुत्र हैं। वहीं भाजपा के विधायक अजय चंद्राकर ने राहुल गांधी के परिवार की वंशावली पर ट्वीट किया, “छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक के पास नेहरू खानदान की वंशावली भेज रहा हूं। श्री शर्मा जी/कांग्रेस पार्टी बताएंगे कि सबका राष्ट्र के प्रति आखिर क्या योगदान है? और कृत्यज्ञ कांग्रेस/कांग्रेसी श्रद्धा से इन्हें किस-किस पदवी से नवाजा जाएगा?
आपको बता दें कि कांग्रेस नेता के बयान पर विवाद खड़े होने पर कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने यह भी कहा है कि देश की सेवा करने वाला हर व्यक्ति चाहे वह मजदूर हो या राजनेता कर्मचारी पत्रकार सभी राष्ट्र पुत्र ही हैं। भाजपा के नेता खुद को राष्ट्र से बड़ा समझते हैं और इस कारण से राष्ट्र पुत्र का विरोध कर रहे हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर तमाम लोग कांग्रेस नेताओं को इस तरह की बयानबाजी से बचने की सलाह भी देते हैं।