डेस्क। कांग्रेस (Congress) के अध्यक्ष पद के चुनाव लिए सोमवार को वोटिंग हुई है। वहीं इस बीच कांग्रेस पार्टी के बीच बड़ी फूट सामने देखने को मिल रही है।
कांग्रेस नेता, राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर पार्टी कार्यकर्ता एकमत नहीं हैं। कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता और गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री फ्रांसिस्को सरदिन्हा (Francisco Sardinha) ने राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा भी खोल दिया है। वहीं फ्रांसिस्को सरदिन्हा ने यह भी कहा है कि राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा रोकनी चाहिए और गुजरात व हिमाचल प्रदेश जाकर पार्टी के लिए प्रचार करने की जरुरत है क्योंकि वहां चुनाव होने वाले हैं।
फ्रांसिस्को सरदिन्हा ने क्या कहा?
गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में कांग्रेस के सांसद फ्रांसिस्को सरदिन्हा ने कहा कि मैं चाहता हूं कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा रोक सकें और हिमाचल प्रदेश व गुजरात में जाकर लोगों को जागरूक भी करें, जिससे वो उस इकलौती पार्टी को वोट दें जो बीजेपी को हराने में सक्षम है। क्योंकि बीजेपी का विरोध करने वाली एकमात्र पार्टी कांग्रेस है।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का आज 41वां दिन है। यह भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से शुरू हुई थी जो कश्मीर तक जाएगी और भारत जोड़ो यात्रा के साथ राहुल गांधी अभी कर्नाटक ही पहुंचे हैं, जबकि पूरा देश अभी भी बाकी है। वहीं, हिमाचल प्रदेश और गुजरात में आने वाले दिनों में चुनाव होने वाले हैं इसी को लेकर गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री ने यह चिंता जताई है।
गोवा के पूर्व सीएम फ्रांसिस्को सरदिन्हा का यह कहना है कि हिमाचल प्रदेश और गुजरात में चुनाव होने वाले हैं और कांग्रेस ही ऐसी इकलौती पार्टी है जो गुजरात और हिमाचल प्रदेश में बीजेपी को टक्कर देने में सक्षम है।